देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
हरिद्वार में खनन पट्टा दिलाने के नाम पर दो करोड़ 35 लाख रुपये हड़पने वाले एक आरोपी को पटेल नगर कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मंगलवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में फरार तीन अन्य आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
25 जुलाई 2021 को वसीम जैदी मैसर्स इंडो पेस मल्टी इंफ्रा लिमिटेड ने शिकायत दी थी कि लाजपतनगर गाजियाबाद के रहने वाले व्यू रेजीडेंसी निवासी संदीप चौधरी समेत चार आरोपियों ने उन्हें पांच साल के लिए खनन पट्टा दिलाने के बहाने पैसे हड़प लिए । पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करता रहा और जब पीड़ित ने पैसे लौटाने का दबाव बनाया तो आरोपी धमकी देने लगा।
जिसके बाद पीड़ित की शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपी संदीप चौधरी सहित आशीष मंडल मेसर्स माइंस एंड मिनरल्स निवासी फ्रीडम पार्क गुरुग्राम हरियाणा, अमित भारद्वाज मैसर्स हरेराम इंटरप्राइजेज देहरादून और मुन्ने खान निवासी अजबपुर मस्जिद, जाकिरनगर, दक्षिणी दिल्ली निवासी के खिलाफ मामला दर्ज किया है ।
कोतवाली पटेलनगर प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गयी थी. लेकिन आरोपी गिरफ्तारी से बचते रहे। जिस पर पुलिस टीम ने आरोपी संदीप को हरिद्वार से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। साथ ही फरार तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

