मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. धामी सरकार ने राज्य की सीमाओं पर पहले की तरह परीक्षण अनिवार्य करने के साथ ही कोरोना योद्धाओं का आरटी-पीसीआर परीक्षण अनिवार्य कर दिया है. सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ओमिक्रोन को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी को लापरवाही न करने की सख्त हिदायत दी है.
पहाड़ों की रानी मसूरी में भी जिला व पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मसूरी में मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है. मसूरी कोतवाल गिरीश चंद्र शर्मा का कहना है कि पुलिस कोविड-19 को लेकर पूरी तरह सतर्क है. मसूरी के एसडीएम मनीष कुमार ने भी सभी विभागों को कोविड-19 के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं. एसडीएम ने सभी होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भी कोरोना नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बताया कि दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटकों की आरटी-पीसीआर निगेटिव रिपोर्ट दिखाने के बाद ही कमरा देने के निर्देश दिए गए हैं.
वहीं मसूरी बिजनेस बोर्ड की ओर से कोरोना संक्रमण की रोकथाम और जागरूकता के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा. इसको लेकर प्रशासन और पुलिस से बात कर फिर से कोरोना जागरूकता अभियान शुरू किया जाएगा. उन्होंने सभी से मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने का आग्रह किया है।

