टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव बेहद रोमांचक होने वाला है. कांग्रेस से निकाले जाने के बाद टिहरी विधानसभा सीट से किशोर उपाध्याय बीजेपी के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं. किशोर अब लगातार कांग्रेस को झटका दे रहे हैं. अब किशोर उपाध्याय ने जाखणीधार के पूर्व प्रमुख जगदंबा रतूड़ी समेत 200 कार्यकर्ताओं को कांग्रेस से खींचते हुए भाजपा में शामिल कराया है.

भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी ने बताया कि पार्टी प्रत्याशी किशोर उपाध्याय को पूरे क्षेत्र में अपार जन समर्थन मिल रहा है. आज जाखणीधार क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधियों समेत कांग्रेस के 200 कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं और भाजपा को जिताने का संकल्प लिया है.

भाजपा में शामिल होने वालों में जाखणीधार के पूर्व अध्यक्ष जगदंबा रतूड़ी, दुग्ध संघ के पूर्व अध्यक्ष पदम सिंह कुमाईं, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष उत्तम सिंह नेगी, सेवा दल के नरेश बलोदी, प्रदीप पोखरियाल और 200 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हैं.

सभी ने बीजेपी प्रत्याशी किशोर उपाध्याय के समर्थन में काम करने की बात कही है. उनका कहना है कि जिस तरह से भाजपा सरकार की नीतियों से गांव-गांव में महिलाएं और बुजुर्ग खुश हैं. इससे साफ है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में भी बीजेपी को ऐतिहासिक जीत मिलेगी और उत्तराखंड में फिर से सरकार बनाएगी.