हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
प्रदेश में पिछले दिनों हुई बारिश और दैवीय आपदा के कारण नैनीताल जिले के कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है. भारी बारिश के कारण गौला नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे बिन्दुखत्ता क्षेत्र के कई ग्रामीण क्षेत्रों को भारी नुकसान हुआ। गौला नदी के पानी से आसपास के लोगों के खेत, फसल और घर को भी नुकसान पहुंचा है. ऐसे में अलग-अलग पार्टियों के नेता प्रभावित लोगों से मिलने पहुंच रहे हैं. इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट और मंडल अध्यक्ष दीपक जोशी देर रात बिन्दुखत्ता के आपदा प्रभावित ग्रामीणों से मिलने पहुंचे थे.
वहीं इस दौरान ग्रामीणों का पारा चढ़ गया. नदी में तटबंध और चेक डैम नहीं बनने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि उन्होंने कई बार विधायकों और मंत्रियों से बारिश से पहले नदी में तटबंध बनाने की अपील की है, बावजूद इसके नदी में तटबंध नहीं बनाए गए. भारी बारिश के चलते नदी ने क्षेत्र में काफी नुकसान पहुंचाया है ।
ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव का समय है और नेता चुनावी रोटियां सेंकने के लिए जनता के बीच आ रहे हैं. अब तक नेता कहां थे, जब उनके क्षेत्र में काम होना था, तो नेता नहीं पहुंचे. देर रात तक हंगामा चलता रहा, जिसके बाद मौके पर पहुंचे नेताओं को वापस लौटना पड़ा। इस दौरान एसडीएम मनीष कुमार भी मौजूद रहे। बीजेपी के जिलाध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष के खरी-खोटी सुनाई जाने का वीडियो सोशल मीडिया में भी खूब वायरल हो रहा है.

