रुड़की , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में बीजेपी ने 59 सीटों पर और कांग्रेस ने 64 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है. वहीं चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे नेताओं को टिकट नहीं मिलने के बाद बगावत की लपटें उठने लगी हैं. रुड़की विधानसभा सीट से बीजेपी का टिकट नहीं मिलने से बीजेपी नेता नितिन शर्मा ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का मन बना लिया है. बीजेपी ने एक बार फिर प्रदीप बत्रा पर भरोसा जताते हुए उम्मीदवार बनाया है.
विश्व हिंदू परिषद में लंबे समय से काम कर रहे भाजपा नेता नितिन शर्मा अब निर्दलीय के रूप में चुनावी मैदान में उतरे हैं। नितिन शर्मा लंबे समय से इलाके में विधानसभा चुनाव की तैयारी कर रहे थे। लेकिन बीजेपी द्वारा प्रदीप बत्रा को टिकट दिए जाने के बाद नितिन शर्मा की नाराजगी सामने आ गई है. उन्होंने लोगों से हिंदुत्व के नाम पर चुनाव में वोट करने की अपील की है।
आपको बता दें कि नितिन शर्मा शहर के कारोबारी हैं जो पिछले बीस साल से रामनगर इलाके से अपना कारोबार चलाते हैं। इसके अलावा नितिन शर्मा लंबे समय से विश्व हिंदू परिषद से भी जुड़े हुए हैं और भाजपा की राजनीति में सक्रिय हैं। उन्हें भाजपा की विचारधारा का जमीनी नेता माना जाता है। हालांकि उन्होंने बीजेपी छोड़ने से साफ इनकार कर दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा उनके खून में है। इसलिए वह निर्दलीय होकर चुनाव लड़ने जा रहे हैं और चुनाव जीतकर भाजपा की विचारधारा को आगे बढ़ाएंगे।

