देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

चुनावी दौर में दलबदल आम बात हो गई है. नेता जहां भी अपनी रुचि देखते हैं, वे वहां पाला बदल लेते हैं। उत्तराखंड में भी यह दौर इस समय जबरदस्त तरीके से चल रहा है। नेताओं को हटाया और बदला जा रहा है। गुरुवार की सुबह एक बार फिर राज्य में भारी कोहराम मच गया है. किशोर उपाध्याय एक तरफ कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए हैं, वहीं टिहरी विधानसभा से बीजेपी के मौजूदा विधायक धन सिंह नेगी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं.

उत्तराखंड में टिहरी विधानसभा के लिए बीजेपी और कांग्रेस आखिरी वक्त तक उम्मीदवार घोषित नहीं कर पाए हैं. ऐसा इसलिए भी है क्योंकि किशोर उपाध्याय के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की संभावना थी। वहीं किशोर उपाध्याय के भाजपा में शामिल होते ही यह तय हो गया कि भाजपा किशोर उपाध्याय को टिहरी विधानसभा से चुनाव लड़ाने जा रही है, इसलिए टिहरी से वर्तमान भाजपा विधायक धन सिंह नेगी, जो खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे थे, धन सिंह नेगी ने भी फौरन पलटी मारी और कांग्रेस में शामिल हो गए।

धन सिंह नेगी आज सुबह पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आवास पहुंचे और कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। जाहिर है विधायक धन सिंह नेगी बीजेपी का टिकट कटने के चलते हरीश रावत से बात कर कांग्रेस में शामिल हो गए हैं. अब कांग्रेस टिहरी विधानसभा से धन सिंह नेगी को अपना उम्मीदवार बनाने जा रही है. उम्मीद के मुताबिक अगर बीजेपी किशोर उपाध्याय को टिकट देती है तो सीधा मुकाबला नेगी बनाम उपाध्याय का होगा.