देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
जुबिन नौटियाल ने अपने पिता के लिए चुनाव प्रचार किया हैं. चुनाव को लेकर देहरादून में उन्होंने पहाड़ समाचार से खास बातचीत की।
जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल की चकराता विधानसभा क्षेत्र में अच्छी पकड़ है। वह एक जमीनी नेता हैं। लोगों के बीच उनकी काफी अच्छी पहुंच है। जुबिन नौटियाल के परिवार का जौनसार बावर और चकराता से गहरा नाता है। उनका परिवार यहीं का है।
जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल का सीधा मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज नेता और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह से होगा. बता दें कि कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है, लेकिन चकराता से प्रीतम सिंह का टिकट पक्का माना जा रहा है. प्रीतम सिंह 1991 का चुनाव हार गए थे। इसके बाद 1993 में उन्होंने चकराता से दोबारा किस्मत आजमाई। तब से लेकर आज तक वह एक भी चुनाव नहीं हारे थे। इसलिए कहा जा सकता है कि रामशरण नौटियाल की चकराता विधानसभा सीट की राह आसान नहीं होगी.
कहा जा रहा है कि जुबिन नौटियाल ने चकराता और जौनसार बाबर इलाके में अच्छी पकड़ बना ली है. इसका फायदा उनके पिता रामशरण नौटियाल को चुनाव में मिलेगा। उत्तराखंड की सभी सीटों पर 14 फरवरी को मतदान होना है। ऐसे में जुबिन नौटियाल भी अपने पिता रामशरण नौटियाल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चुनाव लड़ रहे हैं। 14 फरवरी तक जुबिन नौटियाल अपने पिता के साथ इलाके में प्रचार करेंगे और जनता से बीजेपी को वोट देने की अपील करेंगे.
जुबिन नौटियाल और उनके पिता रामशरण नौटियाल का कहना है कि इस क्षेत्र में स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में कोई खास काम नहीं हुआ है. पर्यटन की दृष्टि से भी यहां कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। उत्तराखंड का सबसे पिछड़ा इलाका कहे जाने वाले जौनसार बावर में इस बार विकास के नाम पर वोटिंग होगी.
रामशरण नौटियाल का कहना है कि यहां सुविधाओं का काफी अभाव है। गर्भवती महिला को प्रसव के लिए देहरादून जाना पड़ता है। कई बार ऐसे हालात बन जाते हैं कि उन्हें बीच रास्ते में ही बच्चे को जन्म देना पड़ता है। ऐसे में मां और बच्चा दोनों की जान पर बन जाती हैं। ये सभी मुद्दे होंगे जिन पर वे चुनावी मैदान में उतरेंगे और लोगों के वोट मांगेंगे।

