देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में 5 दिसंबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. बारिश और बर्फबारी के चलते निचले इलाकों में भी ठंड बढ़ सकती है.

मौसम विभाग के मुताबिक आज और कल 3500 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी की संभावना है. 5 दिसंबर को 3000 मीटर से ऊपर के इलाकों में बर्फबारी हो सकती है. पांच के बाद बारिश कम होने की संभावना है।

मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के मुताबिक 2 दिसंबर को पिथौरागढ़, चमोली, बागेश्वर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. 3 दिसंबर को पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश, बर्फबारी हो सकती है. मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा। 4 दिसंबर को राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन बादलों की मौजूदगी रहेगी। 5 तारीख को फिर मौसम में बदलाव होगा और प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी हो सकती है. इस समय प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। 4 दिसंबर के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में बदलाव हो सकता है।

पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी

पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बुधवार को ताजा हिमपात हुआ, जबकि निचले इलाकों में बादल छाए रहे। दिनभर हुई बर्फबारी और आसमान में बादल छाए रहने से पारा तेजी से गिरा। अगले ही दिन जिले के तापमान में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद यहां के माइग्रेशन गांवों में पारा शून्य से नीचे गिर गया , जबकि हिमालय में तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है. तापमान में गिरावट की वजह से पूरे जिले में ठंड है.