देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम

गुरूवार को मुख्य सचिव डॉ. एस.एस. संधु की अध्यक्षता में सचिवालय में राज्य में अग्निपथ योजना के तहत अगस्त व सितंबर माह में होने वाली भर्तियों के संबंध में शासन के उच्चाधिकारियों, पुलिस व सेना के अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गयी.

मुख्य सचिव ने मेजर जनरल एन.एस. राजपुरोहित को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार भर्ती प्रक्रिया में सेना को हर संभव सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में होने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में भीड़भाड़ होने की संभावना है. राज्य के युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए शासन प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि मानसून के मौसम के कारण भर्ती स्थलों में जलजमाव की संभावना बनी रहेगी, इसके लिए वाटर सक्शन पंप की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

मुख्य सचिव ने भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए जिलों में जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के नोडल अधिकारियों को तैनात करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि भर्ती स्थलों पर आवास, आश्रय आदि के साथ-साथ बिजली, पानी, साफ-सफाई और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. उन्होंने भर्ती स्थल पर एम्बुलेंस, चिकित्सा अधिकारी आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिये. परिवहन विभाग यह सुनिश्चित करे कि युवाओं को भर्ती स्थलों पर आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को खाने-पीने के उचित दाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कहा कि भीड़भाड़ के कारण ऐसे स्थानों पर महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद भी ली जा सकती है.

मुख्य सचिव ने पुलिस महानिदेशक को विशेष अभियान चलाने और भर्ती प्रक्रिया में भर्ती एजेंटों के नाम पर धोखाधड़ी और लेनदेन जैसी घटनाओं को रोकने के लिए विशेष व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कैमरे और सिविल इंटेलिजेंस आदि के माध्यम से भर्ती स्थल और आसपास के क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए.

जोनल भर्ती अधिकारी मेजर जनरल एन.एस. राजपुरोहित ने बताया कि उत्तराखंड में अगस्त और सितंबर के महीने में अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो रही है, जिसके लिए सेना की वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गढ़वाल क्षेत्र के सभी जिलों के लिए भर्ती रैली 19 अगस्त, 2022 से 31 अगस्त, 2022 तक कोटद्वार में आयोजित की जाएगी। इसी प्रकार कुमाऊं क्षेत्र के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और उधम सिंह नगर के लिए रानीखेत में 20 अगस्त 2022 से 31 अगस्त 2022 तक और पिथौरागढ़ में 05 सितंबर, 2022 से 12 सितंबर, 2022 तक चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों के लिए भर्ती रैली. आयोजित की जाएगी।

सेना की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक भर्ती प्रक्रिया उत्तराखंड के लैंसडाउन (कोटद्वार) में 19 अगस्त से 31 अगस्त तक होगी. इसमें चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी और उत्तरकाशी जिले के युवा हिस्सा लेंगे. इसके बाद 20 से 31 अगस्त तक अल्मोड़ा में भर्ती प्रक्रिया होगी। इसमें अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, उधम सिंह नगर जिले के युवा भाग लेंगे। पिथौरागढ़ में 5 से 12 सितंबर तक अग्निवीरों की भर्ती रैली होगी। इसमें चंपावत और पिथौरागढ़ के युवा शामिल होंगे।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव श्रीमती. राधा रतूड़ी, श्री आनन्द वर्द्धन, डीजीपी श्री अशोक कुमार, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर श्री वी. मुरूगेशन, सचिव श्री अरविन्द सिंह ह्यांकि एवं श्री विनोद कुमार सुमन सहित वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जनपदों से जिलाधिकारी एवं अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहे।