मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मसूरी पेट्रोल पंप के पास करीब 32 करोड़ की लागत से 212 वाहनों की पार्किंग का लोकार्पण किया. साथ ही 18 करोड़ से बनने वाले बहुउद्देशीय टाउन हॉल का उपहार भी मसूरी के लोगों को दिया गया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी ने शिफन कोर्ट से बेघर लोगों के लिए बनने वाली हंस कॉलोनी का भूमि पूजन भी किया. इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सीएम धामी का जोरदार स्वागत किया. कार्यक्रम के दौरान मसूरी विधायक गणेश जोशी भी मौजूद रहे।
मसूरी में सीएम धामी ने 144 करोड़ की लागत से मसूरी यमुना पेयजल योजना के तहत मसूरी क्षेत्र में डाली जा रही पेयजल लाइनों का भी शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री ने हंस फाउंडेशन के संस्थापक माता मंगला के सहयोग से मसूरी नगर पालिका द्वारा मसूरी आईडीएच भवन के निकट दी गई भूमि पर 84 परिवारों के विस्थापन के लिए 5 करोड़ 42 लाख रुपये की लागत से बनने वाली हंस कॉलोनी का भूमि पूजन किया.
बता दें कि 32 करोड़ की लागत से बनी मल्टी लेवल पार्किंग में 212 वाहनों को पार्क करने की क्षमता पार्किंग में कैफेटेरिया, लिफ्ट, शौचालय के साथ रोजमर्रा के उपयोग में आने वाले सामानों की तीन दुकानों का निर्माण किया गया है. 18 करोड़ की लागत से बने टाउन हॉल में करीब 150 वाहन खड़े करने की क्षमता है। तीसरी मंजिल में एक बहुउद्देशीय सभागार का निर्माण किया गया है। जिसमें एक बार में 1000 से 1200 लोग शामिल हो सकते हैं। वहीं, चौथी मंजिल पर 10 कमरों का गेस्ट हाउस भी बनाया गया है।
मसूरी टाउन हॉल में 150 वाहन पार्क करने का प्रावधान है। वहीं, एक बहुउद्देशीय सभागार भी बनाया गया है। जिसमें बड़े आयोजन हो सकते हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सारे इंतजाम किए गए हैं। जिसमें फायर के सभी उपकरण लगाए गए हैं। यहां पीने के पानी की समुचित व्यवस्था की गई है। यहां 10 कमरों का गेस्ट हाउस भी तैयार किया गया है। मसूरी टाउन हॉल का स्वामित्व 80 प्रतिशत मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण और 20 प्रतिशत मसूरी नगर पालिका के पास है।

