देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से एक दिन पहले राजधानी दून में ‘रन फॉर योग’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने घंटाघर से एमकेपी चौक तक आयोजित ‘रन फॉर योग’ दौड़ में भाग लिया और युवाओं और जनता को योग के प्रति जागरुकता का संदेश दिया.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने योग को पूरी दुनिया में पहचान दिलाई. आज पीएम मोदी के नेतृत्व में पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को जश्न के तौर पर मना रही है. वहीं आज उनके नेतृत्व में भारत की संस्कृति, धर्म, परंपराओं को संरक्षित करने का कार्य चल रहा है।

सीएम धामी ने कहा कि तन और मन दोनों को स्वस्थ रखने के लिए योगासनों को नियमित रूप से दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। इससे स्वास्थ्य लाभ मिलता है। योग का अभ्यास शरीर, श्वास और मन को जोड़ता है। साथ ही योग से शरीर, विचार सदैव स्वस्थ सकारात्मक रहते हैं। उन्होंने कहा कि एनसीसी के युवाओं को दौड़ में अग्रणी देखकर उन्हें अपने बचपन की याद आ गई। उन्होंने सभी से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को उत्सव के रूप में मनाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि देहरादून शहर देश के प्रमुख शहरों में से एक है। इसकी सफाई से हम पूरे देश में पर्यावरण को सकारात्मक संदेश दे सकते हैं। ‘स्वच्छ शहर हरित शहर यह मेरा सपनों का शहर है’ के साथ जुड़ें और अपने शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाएं। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता को सहभागी कार्य बताया। उन्होंने कहा कि हम पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था का समन्वय कर देहरादून शहर का विकास करेंगे।

वहीं सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य विकास के नए आयाम छू रहा है. केदारनाथ के प्रांगण ने दिव्य भव्य और नया रूप धारण कर लिया है। इसके साथ ही बद्रीनाथ धाम का मास्टर प्लान भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने 2025 तक उत्तराखंड को हर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने और इसे आत्मनिर्भर बनाने की बात कही।