हरिद्वार , PAHAAD NEWS TEAM

भाजपा प्रत्याशी स्वामी यतीश्वरानंद हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा सीट से 20 हजार से अधिक मतों से जीतकर इतिहास रचेंगे. यह दावा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धनपुरा में चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान किया. साथ ही उनके कार्यों की भी गणना की गई।

दरअसल, कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. इससे पूर्व सीएम धामी के साथ हरकी पैड़ी में गंगा पूजन व दुग्धाभिषेक करते हुए प्रदेश की समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री नामांकन पत्र जमा करने के बाद स्वामी यतीश्वरानंद के चुनाव कार्यालय धनपुरा पहुंचे. जहां भारी संख्या में उमड़ी भीड़ ने फूल बरसाकर उनका भव्य स्वागत किया. जहां मुख्यमंत्री और स्वामी यतीश्वरानंद ने हवन कर कार्यालय का उद्घाटन किया और राज्य में 60 से अधिक सीटें जीतने की कामना की.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद को हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की चिंता बनी हुई है. राज्य के किसानों के लाभ के लिए पहले बकाया का भुगतान किया गया और फिर 30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाकर नई कीमत की घोषणा की गई. अब नए सत्र का भुगतान भी जल्द हो गया।

इसके साथ ही 100 करोड़ की पेयजल योजना तैयार कराने का कार्य धरातल पर किया गया। हरिद्वार रोड के साथ सैकड़ों सड़कें बनवाकर कई गांवों को जोड़कर आवागमन सुगम कराया. उन्होंने कहा कि लालढांग में मॉडल कॉलेज, बहादरपुर जटट में डिग्री कॉलेज, दो पीएचसी, दो एंबुलेंस के साथ शिक्षा और चिकित्सा के लिए अनेक काम कराए .