पौड़ी , PAHAAD NEWS TEAM

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आज पौड़ी दौरा प्रस्तावित है. सीएम धामी के पौड़ी दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। भारतीय जनता पार्टी के जिला महासचिव जगत किशोर बड़थ्वालl ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पौड़ी आगमन के दौरान पौड़ी नगर में एक भव्य रैली का आयोजन किया जाएगा.

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पौड़ी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में भव्य जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करीब एक अरब की योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे. इसके अलावा मुख्यमंत्री से पौड़ी जिले के लिए भी कई तोहफे मिलने की उम्मीद है.

सीएम धामी के पौड़ी दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारी पूरी कर ली है. सीएम धामी के कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मंत्री सतपाल महाराज, कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत और पौड़ी जिले की विभिन्न विधानसभाओं के विधायक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.

कांग्रेस ने उठाए सवाल: कांग्रेस ने सीएम धामी के पौड़ी के एक दिवसीय दौरे पर साधा निशाना. कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद दनोशी ने कहा कि एक तरफ प्रदेश में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है. उधर, भाजपा की ओर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए जिला मुख्यालय पौड़ी बुलाया जा रहा है. इससे कोरोना संक्रमण फैलने की संभावना बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी लगातार बढ़ते कोरोना मामलों को देखते हुए अपना पौड़ी दौरा रद्द कर दें.