देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस दोनों ही पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा कर रही हैं. लेकिन कांग्रेस का यह दावा थोड़ा कमजोर पड़ने लगा जब पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जताई। हरीश रावत के इस बयान को बीजेपी पकड़ रही है और इसे कांग्रेस की हार का कबूलनामा बता रही है.

2022 के विधानसभा चुनाव में एक तरफ कांग्रेस ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का दावा किया है तो दूसरी तरफ अब कांग्रेस ने ईवीएम मशीन को लेकर आशंका जतानी शुरू कर दी है. पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने ईवीएम से छेड़छाड़ की आशंका जताई है. वहीं, बीते दिनों पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भी संगठन के जिलाध्यक्षों को ईवीएम पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं.

इतना ही नहीं जिलाध्यक्षों को जिला मुख्यालय स्थित स्ट्रांग रूम पर भी नजर रखने को कहा गया है. हरीश रावत ने कहा है कि ऐसी आशंका है कि बीजेपी सत्ता का गलत इस्तेमाल कर ईवीएम से छेड़छाड़ कर सकती है. हरीश रावत के इस बयान को लेकर बीजेपी इसे बेहद मजाक में हरीश रावत की हार का कबूलनामा मान रही है.

बीजेपी नेताओं की माने तो कांग्रेस समझ चुकी है कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है. इसलिए हरीश रावत हार से पहले के डर को ईवीएम से छेड़छाड़ का नाम दे रहे हैं.