देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड में स्टार प्रचारकों की लिस्ट भी जारी कर दी है. एक के बाद एक अब पार्टी के दिग्गज नेताओं ने उत्तराखंड का दौरा करना शुरू कर दिया है। उधर, कांग्रेस की ओर से कुछ बड़े नेताओं के उत्तराखंड दौरे के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं। इसमें कुछ नेता उत्तराखंड की चुनावी रैलियों से भी वर्चुअली जुड़े रहेंगे।
कांग्रेस पार्टी उत्तराखंड में अपने वरिष्ठ नेताओं के कार्यक्रमों को लेकर कसरत कर रही है. इसी कड़ी में राहुल गांधी की वर्चुअल रैली को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं. माना जा रहा है कि आने वाले कुछ दिनों में राहुल गांधी राज्य में चुनावी अभियान में वर्चुअली शामिल होते नजर आएंगे.
उधर, प्रदेश में प्रियंका गांधी के प्रचार-प्रसार के लिए आने का भी कार्यक्रम तय किया जा रहा है. इसी कड़ी में प्रियंका गांधी को उनके दैनिक कार्यक्रमों में उत्तराखंड दौरे से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है. प्रदेश में अशोक गहलोत से लेकर सचिन पायलट तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को लाने का प्रयास किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर राज्यसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भी पार्टी देहरादून में बुलाकर मीडिया से परिचित कराने की कोशिश में हैं. कुल मिलाकर कांग्रेस इस बार अपने प्रचार अभियान में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है.

