रुड़की, PAHAAD NEWS TEAM

भारत में कोरोना वायरस के नए रूप OMICRON से संक्रमित लोगों की संख्या 138 तक पहुंच गई है. वहीं रुड़की के एक होटल में ठहरे एक विदेशी नागरिक में कोरोना की पुष्टि हुई है. इसके बाद से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। उक्त मरीज को ओमीक्रोन का संदिग्ध मानकर उसे फिलहाल क्वारंटीन कर दिया गया है और होटल को सील कर दिया गया है। साथ ही होटल स्टाफ के भी सैंपल लिए गए हैं।

बता दें कि रुड़की में यमन का एक नागरिक भगवानपुर थाना क्षेत्र के देहरादून रोड स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था, जिसकी जानकारी शनिवार सुबह प्रशासन को मिली तो व्यक्ति का सैंपल लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम को भेजा गया. . रिपोर्ट में कोरोना की पुष्टि हुई है और उक्त मरीज को ओमीक्रोन का संदिग्ध मानकर उसे फिलहाल के लिए क्वारंटाइन कर दिया गया है. जिसके बाद जिलाधिकारी के आदेश के बाद रुड़की व भगवानपुर तहसील के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और होटल व आसपास के क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर होटल को सील कर दिया.

इसके साथ ही होटल स्टाफ के 62 सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विदेशी नागरिक किसके संपर्क में आया है। उधर, सिविल अस्पताल के सीएमएस संजय कंसल ने बताया कि फिलहाल एहतियात बरतते हुए होटल को सील कर दिया गया है. इलाके को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित करने के साथ ही होटल स्टाफ के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं.

बता दें कि शनिवार (18 दिसंबर) को उत्तराखंड में 25 नए कोरोना मरीज मिले हैं। वहीं, 14 मरीज स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में किसी भी कोरोना मरीज की मौत नहीं हुई है। वर्तमान में राज्य में सक्रिय (जिनका इलाज चल रहा है) मामलों की संख्या 164 है।