देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

राजधानी देहरादून की एनडीपीएस कोर्ट ने एक ड्रग तस्कर को तमाम सबूतों और गवाहों के आधार पर दोषी करार देते हुए 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. इतना ही नहीं, एनडीपीएस की विशेष अदालत के न्यायाधीश बृजेश कुमार ने अभियुक्त विनय सिंह पुत्र धीरेंद्र सिंह गुसाईं, निवासी विजय कॉलोनी देहरादून पर 1 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है. जुर्माना अदा न करने पर दोषी को एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।

सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की आरोपी की जमानत: एनडीपीएस कोर्ट के सरकारी वकील मनोज शर्मा के मुताबिक, विनय सिंह को 24 जुलाई 2019 को भारी मात्रा में नशीली दवाओं के इंजेक्शन, 1500 से अधिक नशीली गोलियों की तस्करी के आरोप में देहरादून के नेहरू कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी विनय सिंह 2019 से देहरादून की सुद्दोवाला जेल में बंद है। इसी साल 2021 में आरोपी ने पहले हाई कोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट में जमानत के लिए अर्जी दी, जिसे दोनों कोर्ट ने खारिज कर दिया।

इतना ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने देहरादून एनडीपीएस कोर्ट को इस मामले की त्वरित सुनवाई और 6 महीने में मामले का निपटारा करने के आदेश दिए थे. ऐसे में आरोपी विनय कुमार के खिलाफ कोर्ट में कई सबूत और 6 लोगों की गवाही पेश की गई. इसी के आधार पर कोर्ट ने आरोपी को 10 साल की सजा और 1 लाख का जुर्माना लगाया है.

नशा तस्करी का दूसरा आरोपित बाल सुधार गृह भेजा गया : देहरादून एनडीपीएस कोर्ट के शासकीय अधिवक्ता मनोज शर्मा के अनुसार 24 जुलाई 2019 को देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के शिवम विहार तिराहे में पुलिस चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार दो संदिग्ध युवक से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और 1500 से अधिक नशीली गोलियां बरामद की गई । जांच और पूछताछ में पता चला कि दोनों आरोपी लंबे समय से स्कूल-कॉलेजों में ड्रग्स की तस्करी करते थे. पुलिस कार्रवाई में दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि इसमें एक आरोपी नाबालिग निकला, जिसे कानूनी कार्रवाई के तहत किशोर न्यायालय में पेश किया गया. जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया।