धनौल्टी , PAHAAD NEWS TEAM

कंडीसौड़ तहसील के राजस्व पुलिस क्षेत्र भल्डियाना के कुनेर-शंकरबैंड के बीच भारी मलबा आने के कारण गुरुवार दोपहर ऋषिकेश गंगोत्री हाईवे बंद हो गया. हाईवे बंद होने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। वहीं, डीसीआईपीएल कंपनी की मशीनें, जो हाइवे को खोलने की कोशिश कर रही थीं, लगातार दरक रही पहाड़ी व बोल्डर गिरने से काफी रुकावट हुई . हालांकि शुक्रवार सुबह छह बजे हाईवे बहाल कर दिया गया।

राजस्व उपनिरीक्षक बिजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि करीब 17 घंटे के बाद हाईवे को खोला गया है. लेकिन मौके पर मशीनें लगी हुई हैं। अभी भी पहाड़ से मलबा आ रहा है। उधर, हाईवे बंद होते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई. यातायात सुचारू करने के लिए रतनौगाड़ शंकरबैंड से छोटे वाहनों को थौलधार होते हुए कमान्द भेजा गया। इससे वाहनों को करीब 8-10 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।

वहीं, मार्ग को खोलने के लिए ऑलवेदर रोड निर्माण कंपनी डीसीआईपीएल की मशीनें लगाई गईं। लेकिन करीब 100 मीटर की ऊंचाई से बार-बार मलबा आने के कारण हाईवे खोलने में दिक्कत आ रही थी. लेकिन 17 घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह छह बजे हाईवे को बहाल कर दिया गया.