देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

पहाड़ की ओर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-534 कल देर रात कोटद्वार दुगड्डा रोड के बीच बाधित हो गया है . जिससे पहाड़ का मैदानी क्षेत्र से संपर्क टूट गया। सड़क बाधित होने से कोटद्वार से पौड़ी मुख्यालय, गढ़वाल राइफल रेजीमेंट लैंसडाउन, पौड़ी, श्रीनगर और बदरीनाथ का संपर्क टूट गया है.

दरअसल कोटद्वार दुगड्डा के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग 534 खोह नदी में समा गया है। तीन साल पहले यहां भूस्खलन के कारण भी ऐसी ही स्थिति पैदा हुई थी। इस बार फिर बीती रात भूस्खलन से सड़क नदी में डूब गई है। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों की लापरवाही के कारण पिछले 3 साल से सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है. इससे राष्ट्रीय राजमार्ग का बचा हुआ हिस्सा भी बीती रात नदी में समा गया। हाईवे के अधिकारी सड़क को खोलने का प्रयास कर रहे हैं.

राष्ट्रीय राजमार्ग धुमाकोट के सहायक अभियंता मनोज रावत ने बताया कि सड़क का निर्माण कार्य पहले से चल रहा था. बीती देर रात अचानक सड़क का बचा हुआ हिस्सा भी नदी में समा गया। सड़क को खोलने का प्रयास किया जा रहा है। देर शाम तक मार्ग पर यातायात सुचारू होने की उम्मीद है।