देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

कांग्रेस आए दिन पोस्टल बैलेट को लेकर सवाल उठाती रही है. इसके साथ ही उन्होंने कई बार चुनाव आयोग से पोस्टल बैलेट प्रक्रिया का संज्ञान लेने की अपील की है. उत्तराखंड में पोस्टल बैलेट को लेकर कांग्रेस कई आरोप लगाती रही है और कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग से शिकायत की गई है. खास बात यह है कि अब प्रदेश कांग्रेस ने फैसला किया है कि अगर डाक मतपत्र में हुई गड़बड़ी पर आयोग की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो वह कोर्ट की शरण भी ले सकती है.

उत्तराखंड में भारतीय सेना में शामिल जवानों और अधिकारियों के पोस्टल बैलेट को लेकर कांग्रेस सवाल उठा रही है. कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि कई ऐसे जवान हैं जो राज्य की विभिन्न विधानसभा सीटों से सेवानिवृत्त हो चुके हैं. लेकिन उनके वोट पोस्टल बैलेट के जरिए भी भेजे गए हैं. इतना ही नहीं कुछ दिवंगत पूर्व सैनिकों के पोस्टल बैलेट भी भेजे गए हैं। कांग्रेस के ऐसे गंभीर आरोपों को लेकर खुद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने भी आयोग से शिकायत की है.

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने तो यहां तक कह दिया है कि अगर पोस्टल बैलेट से कोई सीट जीती जाती है तो ऐसे में उस पर सवाल उठना लाजमी है. इस मामले पर कांग्रेस के पूर्व मंत्री राजेंद्र भंडारी का कहना है कि जिस तरह से राज्य में पोस्टल बैलेट में गड़बड़ी हुई है, फिलहाल पार्टी इस मामले में आयोग से कार्रवाई की उम्मीद कर रही है. लेकिन अगर पोस्टल बैलेट पर हुई गलत वोटिंग को लेकर आयोग की ओर से कुछ नहीं किया जाता है तो ऐसे में कांग्रेस कोर्ट की शरण लेने को तैयार है.