देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं. ऐसे में देहरादून जिला निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. आर. राजेश कुमार ने सभी निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज, रायपुर में बनाये गए स्ट्रॉंगरूम, पोलिंग पार्टियों को सामग्री वितरण, पोलिंग पार्टियों की रवानगी, मतदान के बाद पोलिंग पार्टियों को ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) और अन्य चुनाव सामग्री जमा करने के लिए विधानसभावार बनाये गए स्थलों का निरीक्षण किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी रिटर्निंग अधिकारियों को विधानसभावार निरीक्षण कर ईवीएम के रख-रखाव एवं सुरक्षा के संबंध में निर्देश दिये. साथ ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदान दलों के गंतव्य स्थलों पर जाने से पहले और बाद में ऐसी व्यवस्था की जाए कि कोविड प्रोटोकॉल का भी पालन किया जा सके.
चुनाव आयोग की टीम ने उतारे बैनर-पोस्टर: चुनाव आयोग राजनीतिक दलों की गतिविधियों पर नजर रख रहा है. रविवार को चुनाव आयोग की टीम ने देहरादून के पलटन बाजार में धामावाला और मच्छी बाजार के आसपास सार्वजनिक संपत्तियों और धार्मिक स्थलों पर लगे बैनर और पोस्टर को हटा दिया.
आपको बता दें, चुनाव आयोग को मच्छी बाजार के आसपास मंदिरों पर पोस्टर लगे होने की शिकायत सी-विजिल ऐप पर मिली थी, जिसके बाद चुनाव आयोग की टीम मौके पर पहुंची और इन बैनर-पोस्टरों को हटा दिया. साथ ही आसपास के अन्य अवैध स्थानों पर लगे बैनर व पोस्टर को भी हटाया गया. देहरादून जिला चुनाव के पर्यवेक्षक दल के एक अधिकारी बीडी सिंह ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

