विकासनगर , PAHAAD NEWS TEAM
देहरादून के कालसी वन प्रमंडल के तिमली रेंज के कुलहाल जंगल में लकड़ियां लेने गए बुजुर्ग व दो बच्चियों पर हाथी ने हमला कर दिया. हमले में बुजुर्ग और दो लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना में बच्ची की हालत नाजुक बताई जा रही है. तीनों घायलों का इलाज उप जिला अस्पताल विकासनगर में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह कुंजाग्रांट निवासी 66 वर्षीय गफूर तिमली रेंज के जंगल में लकड़ियां लेने गया था. उनके साथ दोनों पोतियां गुलिस्ता उर्फ सपना और 12 साल की नसरीन भी थीं। इस दौरान अचानक एक हाथी ने तीनों पर हमला कर दिया। हादसे में तीनों को चोटें आई हैं। गफूर की पसलियों, टांग में व नसरीन की पसलियों जख्मी हो गईं, जबकि गुलिस्ता की गर्दन की हड्डी टूट गई।
वन विभाग का कहना है कि तिमली रेंज के जंगल में इन दिनों एक दर्जन हाथी जमे हुए हैं। जंगल से सटे गांवों में हाथियों को आने से रोकने के लिए तिमली रेंजर के नेतृत्व में वन कर्मियों की दिन-रात गश्त भी जारी है.

