मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
तीन दिवसीय फूड फेस्टिवल का बुधवार को समापन हो गया. वहीं समापन समारोह में मशहूर मास्टर शेफ पंकज भदौरिया पहुंची . इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के व्यंजनों के लिए लगाए गए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और व्यंजनों का स्वाद लिया . साथ ही उन्होंने व्यंजन बनाने वाली महिलाओं और शेफों की तारीफ की.
मास्टर शेफ पंकज भदौरिया ने कहा कि उत्तराखंड का मौसम, वातावरण और उपज यहां बहुत अच्छी है। यहां का खाना बहुत ही स्वादिष्ट और सेहत के लिए फायदेमंद होता है। उत्तराखंड के लोगों को फूड फेस्टिवल तक सीमित नहीं रहना चाहिए। सभी को मिलकर उत्तराखंड के व्यंजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
उन्होंने उत्तराखंड सरकार द्वारा आयोजित फूड फेस्टिवल की सराहना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इन प्रयासों से देश-विदेश के लोगों को राज्य के उत्पादों और व्यंजनों के बारे में पता चलेगा. जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ किसानों को काफी लाभ मिलेगा और रोजगार के साधन भी उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं द्वारा पहाड़ी उत्पादों से पिज्जा, मोमो, ब्राउनी, डोसा आदि बनाया जा रहा है. कई महिला समूह विभिन्न प्रकार के पकवान और व्यंजन तैयार कर रही हैं। जो एक सराहनीय कदम है। स्थानीय व्यंजनों के साथ-साथ फूड फेस्टिवल महिलाओं के कौशल को भी बढ़ावा दे रहा है। ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए।
महोत्सव में उत्तराखंडी लोक नृत्य, लाइव बैंड और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। साथ ही बच्चों के लिए विभिन्न खेल गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही फूड फेस्टिवल के दौरान विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं और विजेताओं को पुरस्कार दिए गए।
मसूरी फूड फेस्टिवल में विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेताओं के नाम
जूनियर मास्टर शेफ में देविक ने पहला स्थान , संस्कृति ने दूसरा और नंदिनी ने तीसरा स्थान हासिल किया। 18 साल से ऊपर के फूड इनोवेटर विकास राणा ने पहला, अनु ने दूसरा और पीयूष ने तीसरा स्थान हासिल किया। पारंपरिक श्रेणी फूड स्टॉल में फर्म ब्रेंटवुड होटल ने पहला, गढ़भोज उत्तरकाशी ने दूसरा और सरस्वती स्वयं सहायता समूह मसूरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। फ्यूजन भोजन में उदपी कैफे मसूरी ने पहला और होटल केसर पत्ता ने दूसरा स्थान हासिल किया।

