देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
देहरादून में कोरोना वायरस संक्रमण का ग्राफ लगातार ऊपर चढ़ रहा है। रविवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में दून में कोरोना के 1331 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही संक्रमण दर भी पहली बार 21 फीसदी को पार कर गई है।
हेल्थ बुलेटिन के मुताबिक देहरादून में 6257 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। जांच के लिहाज से यह आंकड़ा अपेक्षाकृत कम है। फिर भी 1331 संक्रमित व्यक्तियों के साथ संक्रमण दर 21.27 प्रतिशत दर्ज की गई। अगर शनिवार तक जांच का आंकड़ा सात हजार के पार होता तो न सिर्फ सबसे ज्यादा आंकड़े सामने आते बल्कि संक्रमण दर और भी ज्यादा पहुंच सकती थी.
दून में पिछले एक हफ्ते के आंकड़ों पर नजर डालें तो अब तक कोरोना के 7740 नए मामले सामने आए हैं. इस दौरान कुल 41 हजार 625 लोगों की जांच की गई। इस तरह औसत संक्रमण दर 18.59 प्रतिशत पाई गई है। ऐसे में कोरोना का ग्राफ ऊपर जाता नजर आ रहा है.
दून में कोरोना संक्रमण दर (प्रतिशत में)
16 जनवरी, 21.27
15 जनवरी, 19.25
14 जनवरी, 16.58
13 जनवरी, 18.97
12 जनवरी, 18.43
11 जनवरी, 19.20
10 जनवरी, 14.32
कोरोना दिशा-निर्देशों के उल्लंघन के आरोप में छह पर मुकदमा
छह के खिलाफ कोरोना गाइडलाइंस के उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है। रायपुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह रावत ने बताया कि शनिवार की रात पुलिस की टीम गश्त कर रही थी. इस दौरान रायपुर के चूना भट्ठा रायपुर स्थित मुगलई रेस्टोरेंट में कई लोग मास्क व शारीरिक दूरी का पालन नहीं करते दिखे. इस पर चूना भट्ठा निवासी मोबिन व साकिब के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
थाना प्रेमनगर कुलदीप पंत ने बताया कि सरकार द्वारा जारी रात्रि कर्फ्यू के आदेश के बावजूद पिज्जा हाउस सुद्धोवाला के संचालक जयवीर नाथ, फुटीज हैवा रेस्टोरेंट के संचालक संजय कुमार व रोहित पुंडीर के खिलाफ प्रतिष्ठान खोलने का मामला दर्ज किया गया है. वहीं नेहरू कॉलोनी के निरीक्षक प्रदीप चौहान ने बताया कि सरकार के आदेश के बावजूद पिज्जा हाउस संचालक सुमन सिंह तोमर व अमरीश सिंह के खिलाफ रात 10 बजे के बाद प्रतिष्ठान खोलने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.

