हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

लालकुआं विधानसभा सीट से हरीश रावत के चुनाव लड़ने के बाद यह सीट बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए नाक का सवाल बन गई है. हरीश रावत को घेरने के लिए बीजेपी के बड़े नेता तरह-तरह के बयान दे रहे हैं. बीजेपी के बड़े नेताओं ने लालकुआं सीट को ‘मौत का कुआं’ बताए जाने के बाद कांग्रेसियों ने बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया है.

पूर्व कैबिनेट मंत्री और लालकुआं के पूर्व विधायक हरीश चंद्र दुर्गापाल ने बीजेपी नेताओं के इस बयान की कड़ी निंदा की है. हरीश चंद्र दुर्गापाल ने लालकुआं कांग्रेस कार्यालय में कहा है कि हरीश रावत के लालकुआं से चुनाव लड़ने से भाजपा घबरा गई है. उनके बड़े नेता तरह-तरह के बयान दे रहे हैं.

हरीश चंद्र दुर्गापाल ने कहा कि भाजपा की जनता असंसदीय भाषा का प्रयोग कर रही है। लालकुआं को मौत का कुआं बताकर यहां के लोगों को नीचा दिखाने का काम किया है. यहां के लोग हरीश रावत को वोट कर लाल कुआं अमृत कुंड बनाएंगे. हरीश रावत यहां से जीतकर लालकुआं समेत पूरे प्रदेश का विकास करेंगे.

दरअसल, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा ने बीते दिनों हरीश रावत को लेकर एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि लालकुआं विधानसभा सीट हरीश रावत के लिए राजनीतिक मौत का कुआं बनेगी. जिसके बाद बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने भी लालकुआं सीट को मौत का कुआं बताया था. ऐसे में कांग्रेसियों ने बीजेपी नेताओं के इस बयान की कड़ी निंदा की है.