मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM.

पहाड़ों की रानी मसूरी में मौसम ने करवट ली है. मसूरी में हल्की बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. जिससे ठंड में जबरदस्त इजाफा हो गया। ऐसे में लोगों को भीषण ठंड का सामना करना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा परेशानी मजदूरों को हो रही है। लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। ठंड के चलते शाम के समय माल रोड पर बहुत कम सैलानी नजर आए। अधिकांश पर्यटक होटलों में कैद थे। वहीं लोग ठंड से बचने के लिए चौराहों पर लोग आग सेंकते नजर आए .

बता दें कि उत्तराखंड के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो गई है। जिससे निचले इलाकों में ठंड बढ़ गई है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड के 13 जिलों में से 2 मैदानी इलाकों को छोड़कर बाकी जिलों में बारिश की संभावना जताई है. वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मसूरी की बात करें तो स्थानीय लोग और पर्यटक बर्फबारी का इंतजार कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह से मसूरी और आसपास के इलाकों में तापमान में गिरावट आई तो जल्द ही बर्फबारी हो सकती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मसूरी में बर्फबारी से पर्यटन में काफी वृद्धि होती है। उन्हें इस बार जल्द ही बर्फबारी की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने प्रशासन और पुलिस से हिमपात से होने वाली समस्याओं को लेकर पहले से कार्ययोजना तैयार करने का भी आग्रह किया. ताकि बर्फबारी में स्थानीय लोगों के साथ देश-विदेश से मसूरी आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े. वहीं कुछ पर्यटक दुकानों में गर्म कपड़ों की खरीदारी करते भी दिखे।

अलाव की व्यवस्था नहीं होने पर नाराजगी : मसूरी नगर पालिका द्वारा मुख्य चौराहों पर अलाव की व्यवस्था नहीं करने को लेकर भी लोगों में काफी नाराजगी है. उन्होंने कहा कि नगर पालिका हर साल दिसंबर के महीने में लोगों को ठंड से बचाने के लिए मसूरी के मुख्य चौराहों पर अलाव जलाती थी, लेकिन अब तक नगर पालिका प्रशासन ने इस ओर ध्यान नहीं दिया. उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही मसूरी के मुख्य चौकों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाए.

आज देहरादून में आसमान में बादल छाए रहेंगे

मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी देहरादून में आसमान में बादल छाए रहेंगे. साथ ही सुबह के समय कुहासा रहने की संभावना है. आज देहरादून में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के लगभग रहेगा. वहीं आज मसूरी में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के लगभग रहेगा.