हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
लालकुआं विधानसभा सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है. एक तरफ पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी के मोहन बिष्ट हैं. गढ़वाल के चुनाव प्रचार के तीन दिन बाद हरीश रावत एक बार फिर अपने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में पहुंच गए हैं. उन्होंने हर सुबह प्रचार करना शुरू कर दिया है।
हरीश रावत ने खुद को कहा अर्जुन: लालकुआं पहुंचते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरीश रावत का गर्मजोशी से स्वागत किया. इस दौरान हरीश रावत ने अपने फेसबुक पेज में बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा है कि इस बार लोकतांत्रिक महाभारत में हरीश रावत बीजेपी के चक्रव्यूह में अभिमन्यु की तरह नहीं लड़ेंगे, बल्कि अर्जुन की तरह और पांडवों की जीत होगी.
हरीश रावत का ट्वीट: हरीश रावत ने कहा कि लोकतांत्रिक महाभारत में कुछ दिनों का युद्ध हो चुका है. अपने ही कुछ सगे-संबंधियों की जिद के कारण और समझ के दूषित होने के कारण कौरव पक्ष प्रारंभिक दौर में मेरे चारों ओर एक घेरा बनाता हुआ प्रतीत होता है। लेकिन एक बात याद रखना, इस समय भाजपा के चक्रव्यूह में अभिमन्यु नहीं है, अर्जुन है और यहां लालकुआं में अर्जुन के साथ कृष्ण हैं, युधिष्ठिर भी हैं, भीमसेन भी हैं, नकुल-सहदेव भी हैं और रथी-महारथी भी हैं । मुझ पर कुंती के रूप में मेरी मां और बहनों का भी आशीर्वाद है। मैं हर मोर्चे पर पहुंचने की कोशिश करूंगा। प्रकृति की विवशताओं के बावजूद चाहे मुझे सड़क मार्ग से रात-रात जाना पड़े और ठंड से कांप रहे लोगों से गुहार लगानी पड़े, मैं याचना करूंगा क्योंकि उत्तराखंड और उत्तराखंडियत के लिए संस्कृति और धर्म की रक्षा के लिए पांडवों की जीत जरूरी है. देव भूमिया, ग्वेल के देवता हमें आशीर्वाद दें।
सुबह से रुक-रुक कर हो रही बारिश के बीच हरीश रावत अपने चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं. हरीश रावत के साथ ही बड़ी संख्या में उनके समर्थक और कांग्रेस कार्यकर्ता भी उनके प्रचार में लगे हुए हैं. लालकुआं सीट से हरीश रावत के खिलाफ भाजपा के मोहन सिंह बिष्ट मैदान में हैं।
लालकुआं सीट का इतिहास: लालकुआं सीट उत्तराखंड के नैनीताल जिले में आती है. यह सीट 2008 के परिसीमन के बाद अस्तित्व में आई थी। यहां पहली बार 2012 में विधानसभा चुनाव हुए थे। वह चुनाव निर्दलीय उम्मीदवार हरीश चंद्र दुर्गापाल ने जीता था। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नवीन दुम्का ने कांग्रेस के हरीश चंद्र दुर्गापाल को हराया था. इस बार लालकुआं विधानसभा सीट की जनता किसे विधायक चुनेगी इसका फैसला 14 फरवरी को होगा। हरीश रावत के मैदान में आने से इस सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। इसके साथ ही आम आदमी पार्टी और बसपा भी मैदान में हैं. वहीं, कांग्रेस की बागी संध्या डालाकोटी भी चुनौती बनी हुई है।

