चमोली/गैरसैंण , PAHAAD NEWS TEAM
जिले की अहम सीट कर्णप्रयाग में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के टिकट बंटवारे को लेकर बवाल हो गया है. इस सीट पर कांग्रेस के संभावित प्रत्याशी माने जाने वाले सुरेश कुमार बिष्ट को टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया तो कांग्रेस में ऊपर से नीचे तक हड़कंप मच गया। अपने वरिष्ठ नेता को टिकट न मिलने से नाराज गैरसैंण प्रखंड की पूरी कांग्रेस कमेटी ने सामूहिक इस्तीफे दे दिये हैं. इससे कांग्रेस आलाकमान भी हिल गया है।
गैरसैंण प्रखंड की कांग्रेस कमेटी का सामूहिक इस्तीफा: दरअसल कांग्रेस ने कर्णप्रयाग सीट से मुकेश नेगी को टिकट दिया है. मुकेश दो बार गौचर नगर पालिका के अध्यक्ष रह चुके हैं। मुकेश नेगी को टिकट मिलने के बाद गैरसैंण प्रखंड के कांग्रेस नेता-कार्यकर्ता अब वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार बिष्ट के पक्ष में लामबंद हो गए हैं. उनका कहना है कि टिकट सुरेश कुमार बिष्ट को देना चाहिए था। सुरेश कुमार बिष्ट को टिकट न मिलने से नाराज गैरसैंण प्रखंड की पूरी कांग्रेस कमेटी ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है.
ये है कर्णप्रयाग सीट के वोटों की गणना: कर्णप्रयाग विधानसभा सीट में दो प्रखंड हैं. पहला गैरसैंण और दूसरा कर्णप्रयाग प्रखंड। दोनों प्रखंडों को मिलाकर इस सीट पर करीब 96 हजार मतदाता हैं. प्रखंड वार की बात करें तो गैरसैंण प्रखंड में करीब 55 हजार मतदाता हैं. कर्णप्रयाग प्रखंड में करीब 41 हजार मतदाता हैं. मतगणना के इस हिसाब से सुरेश कुमार बिष्ट का टिकट का दावा मजबूत था.
निर्दलीय के तौर पर लड़ेंगे सुरेश कुमार बिष्ट : कर्णप्रयाग सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार बिष्ट क्षेत्र में लौट आए और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें सुझाव दिया कि अब उन्हें निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ना चाहिए। इसके बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कुमार बिष्ट ने निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान किया है. इससे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में हड़कंप मच गया है। सुरेश कुमार बिष्ट को मनाने के लिए पार्टी के बड़े नेता लगातार फोन कर रहे हैं.

