लोहाघाट , PAHAAD NEWS TEAM
मध्यप्रदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लोहाघाट विधानसभा प्रत्याशी पूरन सिंह फर्त्याल और बाजपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा, “कल राहुल गांधी यह कहकर उत्तराखंड आए थे कि मोदी ने दो भारत बनाए हैं। राहुल गांधी की मानसिक उम्र 6 साल है, वह आलू की फैक्ट्री खोलने की बात करते हैं।
चौहान ने आगे कहा कि अगर किसी ने भारत का बंटवारा किया है तो कांग्रेस ने किया है। भारत को दो टुकड़ों में बांटने का पाप अगर किसी के सिर पर भी है तो वह कांग्रेस के सिर पर ही है। जब पंडित जवाहरलाल नेहरू भारत के प्रधानमंत्री थे, तब चीन ने भारत के एक हिस्से पर कब्जा कर लिया था और तब जवाहरलाल नेहरू ने कहा था, वहां तो कुछ भी नहीं होता, घास का एक तिनका भी पैदा नहीं होता तो संसद में किसी नेता ने कहा था कि अगर तुम्हारे सिर पर एक बाल भी नहीं है, तो सिर बेकार हो गया है, इसे काट देना चाहिए। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, मुझे गर्व है कि जब नरेंद्र मोदी भारत के प्रधानमंत्री बने और चीन ने गलबान में घुसने का साहस किया तो हमारे सैनिकों ने चीनी सैनिकों की गर्दन तोड़कर वापस चीनी सीमा पर भेज दिया.
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जब देश में कांग्रेस का वजूद हुआ करता था, तब भारत का मान सम्मान, गौरव और स्वाभिमान पूरी दुनिया में कहीं नहीं था। मैं जिस देश में गया, भारत को उसके भ्रष्टाचार के लिए पहचाना गया। चारों तरफ कांग्रेस ने लूटपाट की थी। लेकिन अब जब मैं दुनिया के किसी भी देश में जाता हूं तो मुझे चारों तरफ एक वैभवशाली , गौरवशाली, समृद्ध, शक्तिशाली, स्वाभिमानी भारत की आवाज सुनाई देती है।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि केवल भारतीय जनता पार्टी है, जहां परिवारवाद काम नहीं करता। अच्छा काम करने वालों को ही जगह दी जाती है। चौहान ने कहा कि आप तय करें कि आप परिवारवाद चाहते हैं या विकास। कांग्रेस के एक तरफ नेहरू के बाद इंदिरा, इंदिरा के बाद राजीव , राजीव के बाद सोनिया जी, सोनिया जी के बाद राहुल, प्रियंका उनके यहां तो इनकी फौज है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि राहुल जी, प्रियंका जी, जीजा रॉबर्ट वाड्रा और यहां हरीश रावत भी इसी परिवारवाद में लिप्त हैं.

