देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

कैबिनेट मंत्री और बीजेपी प्रत्याशी बंशीधर भगत का ऑडियो वायरल होने के बाद उनका विरोध तेज हो गया है. इसी कड़ी में कांग्रेस की महिलाओं ने कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय के गेट पर बंशीधर भगत का पुतला फूंका और नारेबाजी कर अपना आक्रोश व्यक्त किया.

महिला कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश रमन ने कहा कि भाजपा मंत्री बंशीधर भगत द्वारा एक महिला पर की गई अभद्र टिप्पणी पूरी महिला जाति का अपमान है। महिलाओं का अपमान करने वाले बंशीधर भगत अकेले नेता नहीं हैं। इससे पहले भी भाजपा नेता लगातार मातृशक्ति का अपमान करते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा मुख्यालय पर एक महिला कार्यकर्ता ने भाजपा के प्रदेश महासचिव संगठन पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था. महिलाओं की छवि खराब करने का काम बंशीधर भगत ने किया है। इससे पहले भाजपा नेता वरिष्ठ पत्रकार और केंद्रीय मंत्री एमजे अकबर पर 20 महिला पत्रकारों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

कांग्रेस की महिलाओं का कहना है कि बीजेपी नेताओं को महिलाओं के उत्पीड़न और कुत्सित मानसिकता रखने वालों के संरक्षक के रूप में देखा जाना चाहिए । भाजपा नेताओं के इस तरह के बयान भारतीय जनता पार्टी की मातृ शक्ति के प्रति घिनौनी मानसिकता को उजागर करते हैं।