देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में देर रात पति ने पत्नी का गला रेत कर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपी पति बच्चों को छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों से पूछताछ की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे पारिवारिक कलह बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक यह परिवार कुछ समय पहले गोरखपुर चौक के पास किराए के मकान में रहने आया था। दंपति की एक छह साल की बेटी और एक 10 महीने का बेटा है। आरोपी की कुछ दिन पहले नौकरी चली गई थी। काम न होने की वजह से घर में पैसों की किल्लत हो गई थी और इसी वजह से दोनों के बीच लड़ाई हो गई थी. देर रात भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया और गुस्से में आरोपित सौरभ श्रीवास्तव ने अपनी पत्नी श्वेता श्रीवास्तव का गला रेत कर हत्या कर दी।
इस हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया। आरोपी सौरभ श्रीवास्तव के जाने के बाद मृतक की छह वर्षीय बेटी ने अपनी मां के फोन से अपने नाना को फोन कर घटना की जानकारी दी. नाना ने अपने एक परिचित को देहरादून बुलाकर मामले की जानकारी दी और परिचित ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
एसपी सिटी सरिता डोभाल ने बताया कि सूचना मिलते ही नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं।

