मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में कोरोना का कहर जारी है. इसी कड़ी में मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में कोरोना धमाका हुआ है. जहां 84 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी व कर्मचारी एक साथ कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसके बाद अकादमी प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

दरअसल, रविवार को लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी के प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी व कर्मचारी अकादमी परिसर में पहुंचे. जिसमें से देहरादून रेलवे स्टेशन पर 442 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों व कर्मचारियों की स्वास्थ्य विभाग की टीम की ओर से आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया.

वहीं, मसूरी के लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में करीब 40 लोगों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया. जिसकी रिपोर्ट मंगलवार देर शाम आई। जिसमें कर्मचारियों सहित 84 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी कोरोना संक्रमित पाए गए।

मसूरी उप जिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर यतेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार को प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के साथ कर्मचारियों का आरटी पीसीआर टेस्ट किया गया. मंगलवार देर रात आई रिपोर्ट में साफ हो गया है कि 84 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों समेत कर्मचारी कोरोना संक्रमित हैं.

लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी में तैनात डॉ. वीरेंद्र  पांगती ने सभी संक्रमित अधिकारियों व कर्मचारियों को होम आइसोलेट करने का निर्देश दिया है. इसके बाद अकादमी परिसर में ही सभी को होम आइसोलेट कर दिया गया है। साथ ही जरूरी दवाएं भी उपलब्ध करा दी गई हैं।

उन्होंने कहा कि सभी लोग बिना लक्षण वाले हैं। इसको लेकर चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि 7 दिन के होम आइसोलेशन के बाद फिर से सभी का कोरोना टेस्ट किया जाएगा. डॉ. यतेंद्र ने बताया कि मसूरी शहर में 15 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिन्हें होम आइसोलेशन में रखा गया है.

साथ ही उन्होंने सभी लोगों से कोरोना को लेकर सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है. जिससे कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि लोगों की जागरूकता से ही कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को कम किया जा सकता है. ऐसे में सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।