मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

कांग्रेस नेता उपेंद्र थापली ने बीजेपी विधायक गणेश जोशी और सरकार पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि बीजेपी नेता चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं. मसूरी विधानसभा में सैकड़ों की संख्या में लोग लगातार जुट रहे हैं और सभा कर रहे हैं. उन्होंने यहां तक ​​कहा कि चुनाव आयोग बीजेपी की कठपुतली बनकर काम कर रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

कांग्रेस नेता उपेंद्र थापली ने कहा कि वह चुनाव आयोग द्वारा जारी किए गए नंबर पर लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन मामले पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है. उन्होंने सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीरें हटाने की भी मांग की है. उन्होंने कहा कि मसूरी में भाजपा की ओर से कहा जा रहा है कि सैकड़ों कांग्रेसियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली है, जो पूरी तरह से गलत है.

उपेंद्र थापली ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व मसूरी शहर अध्यक्ष सतीश ढौंडियाल के अलावा कांग्रेस का कोई भी सदस्य भाजपा में शामिल नहीं हुआ है. जबकि सदस्य गीता कुमाईं और यशोदा शर्मा पूर्व में भाजपा में शामिल हो चुके हैं। बीजेपी अपनी हार को देखते हुए हवा बनाने की कोशिश कर रही है, लेकिन उससे कुछ होने वाला नहीं है.

उन्होंने आरोप लगाया कि विकास को लेकर गणेश जोशी की ओर से बड़ी-बड़ी बातें की जा रही हैं और जिन योजनाओं की बात कर रहे हैं उन्हें कांग्रेस शासन में मंजूरी मिली है. ऐसे में सिर्फ बीजेपी ही योजनाओं का श्रेय लेने का काम कर रही है. हाल ही में उन्होंने जो योजनाएँ शुरू की हैं, वे सभी योजनाएँ आधी अधूरी हैं। शुभारंभ के बाद न तो पेट्रोल पंप के पास पार्किंग और न ही टाउन हॉल का संचालन शुरू हो पाया है.

उन्होंने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और 2022 कांग्रेस का है। इस बार मसूरी विधानसभा से बीजेपी और विधायक गणेश जोशी को करारी हार का सामना करना पड़ेगा. साथ ही कहा कि मसूरी की जनता अब विधायक गणेश जोशी के भावनात्मक खेल को समझ चुकी है और अब इसका जवाब देने जा रही है. साथ ही उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से भी जल्द से जल्द टिकट बांटने की मांग की है. ताकि प्रत्याशी अपने स्तर से चुनाव की तैयारी कर सकें।