मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुईं डॉक्टर सोनिया आनंद के शहर पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया. सोनिया ने कहा कि उन्होंने खुद मसूरी क्षेत्र की समस्याओं को देखा है. अगर पार्टी उन्हें मौका देती है, तो वे जानते हैं कि क्या करना है। डॉ. सोनिया आनंद ने भाजपा सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड में कुछ नहीं किया है। वे महिला सशक्तिकरण का नारा देते हैं, लेकिन यह कहीं नजर नहीं आता।
पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने भी क्षेत्रीय विधायक गणेश जोशी पर मसूरी का विकास नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मसूरी के विधायक द्वारा मसूरी के विकास के लिए दो हजार करोड़ रुपये की योजनाओं की बात की जा रही है, लेकिन धरातल पर कुछ भी नजर नहीं आ रहा है. उन्होंने कहा कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं का शिलान्यास किया था, लेकिन सरकार के पास उसके लिए पैसा नहीं है. जिन योजनाओं की शुरुआत भी हुई थी और काम भी पूरे नहीं हुए हैं. इन योजनाओं को कांग्रेस की हरीश रावत सरकार के समय मंजूरी मिली थी।
जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि प्रदेश को खनन, शराब और भूमाफियाओं के हवाले करने का काम भाजपा सरकार ने किया है. वहीं, हाल ही में आबकारी विभाग से कई सचिव बदले गए थे। राज्य में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा से काम करने वाले अधिकारियों को घर बैठाने का काम किया गया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद सरकार की ओर से करीब 600 नियुक्तियां की गई हैं. चुनाव आयोग से शिकायत की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख रही है और आने वाला समय कांग्रेस का है. इस बार कांग्रेस राज्य में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है।
उधर, डॉ. सोनिया आनंद रावत ने कहा कि उन्होंने कांग्रेस में विश्वास रखते हुए कांग्रेस की सदस्यता ली है. जब उनसे पूछा गया कि डॉ हरक सिंह रावत बीजेपी में हैं. इस पर सोनिया आनंद रावत ने कहा कि हरक सिंह का भरोसा बीजेपी पर है. एक ही परिवार में अलग-अलग सोच के लोग होते हैं। डॉ सोनिया आनंद ने कहा कि मसूरी के विधायक गणेश जोशी समाजसेवी कम डॉन ज्यादा हैं.

