मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में पिछले 24 घंटे में बारिश से राहत मिली, लेकिन बर्फीले गांवों में परेशानी अब भी बरकरार है. मसूरी में ओलावृष्टि के साथ ही बर्फ की फांहे भी गिर रही है। वहीं, भारी बर्फबारी से चमोली और उत्तरकाशी जिलों के गांवों तक पहुंचने के लिए संपर्क मार्ग पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है. राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड में अगले 24 घंटों में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहेगा। राज्य के मैदानी इलाकों, खासकर हरिद्वार और ऊधमसिंहनगर जिलों में मध्यम से घना कोहरा पड़ने की संभावना है। राज्य के पहाड़ी इलाकों में छिटपुट जगहों पर पाला पड़ने की भी संभावना है. कोहरे और पाले को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

औली, मुनस्यारी, धारचूला, हर्षिल, नागटिब्बा, धनोल्टी, बुरांशखंडा, चोपता आदि क्षेत्रों में भारी बर्फबारी के साथ पर्यटकों ने जमकर बर्फबारी का लुत्फ उठाया. चमोली जिले में दिन भर धूप की आंख मिचौली चलती रही। औली-जोशीमठ मार्ग पर दिन भर पर्यटक वाहनों की भारी भीड़ रही। औली रोपवे का संचालन शुरू हो गया है। शाम होते-होते जोशीमठ में यात्री वाहनों की संख्या में भारी इजाफा हो गया।

उधर, कुमाऊं संभाग के सभी छह जिलों में दिनभर हल्की धूप रहने से भीषण ठंड से कुछ राहत मिली. बागेश्वर जिले के कपकोट में दो फीट बर्फ जम गई है। दिन भर धूप निकलने से देहरादून और मसूरी में ठंड से राहत मिली। पर्यटक दिन भर नैनीताल झील के आसपास धूप का आनंद लेते दिखे।