देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस की करारी हार के बाद अब कांग्रेस में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चरम पर है. हरीश रावत और रणजीत रावत के बीच की लड़ाई भी सामने आ गई है. वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। गोदियाल ने चुनावी हार की जिम्मेदारी ली है. वहीं अब कांग्रेस के कुछ नेता गणेश गोदियाल के समर्थन में सामने आए हैं. कांग्रेस नेता नवप्रभात ने कहा है कि चुनाव में हार के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता है।
चुनाव में हार पर कांग्रेस नेता नवप्रभात का बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि हार के लिए किसी एक व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। कहीं-कहीं पार्टी के कुछ उम्मीदवारों ने बीजेपी उम्मीदवारों की मदद की. गुटबाजी नहीं होनी चाहिए। औपचारिक समीक्षा बैठक नहीं, बल्कि गहन समीक्षा की जरूरत है। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में सक्रिय रूप से शामिल नेताओं की भूमिका का आकलन किया जाना चाहिए.
नवप्रभात ने कहा कि पद पर बैठने के बाद अपना समूह बनाकर उसका प्रचार-प्रसार करना उचित नहीं है। नेतृत्व हमेशा सामूहिक होता है, जिम्मेदारी भी सामूहिक होती है। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदार पदों पर थे वे आज की हार की जिम्मेदारी किसी व्यक्ति विशेष पर नहीं थोप सकते. अगर कुछ गलत हुआ है, तो उन्हें उसी समय सुधार करना चाहिए था। उन्होंने कहा कि अगर किसी विधानसभा क्षेत्र में जानबूझकर कोई गुट बनाया गया है और चुनाव में कांग्रेस के किसी वरिष्ठ नेता ने कांग्रेस उम्मीदवार को नुकसान पहुंचाया है तो पार्टी को इसे बेहद गंभीर अपराध मानकर कार्रवाई करनी चाहिए.
गौरतलब है कि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी हार मिली है. 2022 में सत्ता पाने का सपना देख रही कांग्रेस को सिर्फ 19 सीटें मिली हैं. इस तरह पार्टी का पांच साल बाद सत्ता में आने का सपना चकनाचूर हो गया। कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख हरीश रावत, पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल और कार्यकारी अध्यक्ष रणजीत रावत सभी अपनी सीटें हार गए।

