मैदानी इलाकों में घना कोहरा रहेगा तो रोडवेज बसें नहीं चलेंगी। परिवहन निगम ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। मैदानी सड़कों पर इन दिनों कोहरे का प्रकोप छाया हुआ है। इस वजह से यूपी ने कोहरे में बसों के संचालन पर रोक लगा दी है. अब उत्तराखंड परिवहन निगम ने भी इस संबंध में निर्देश जारी कर दिया है।

निगम के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन के मुताबिक अगर किसी स्थान पर घना कोहरा हो और बस चलाना मुश्किल हो जाए तो बस को तुरंत सुरक्षित स्थान पर रोक दिया जाएगा. चालक-परिचालक इसकी सूचना तत्काल अपने डिपो के अधिकारियों को देंगे। लाइट, फॉग लाइट, हैलोजन हेडलाइट, वाइपर, ब्रेक, हॉन आदि की समुचित जांच के बाद ही बस को डिपो से जाने दिया जाएगा। उन्होंने सभी डिपो के सहायक महाप्रबंधकों को भी कोहरे को देखते हुए बसों में आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

बसों में हैलोजन हेडलाइट, फॉगलाइट नहीं हैं

परिवहन निगम ने बसों में हैलोजन हेडलाइट और फॉग लाइट की जांच और मरम्मत का आदेश जारी किया है, लेकिन बस चालकों और परिचालकों का कहना है कि बसों में सामान्य हेडलाइट लगी हैं। फॉगलाइट भी नहीं। जरूरत ज्यादा होने पर चालक-परिचालक अपनी जेब से पैसा खर्च कर यह व्यवस्था करते हैं।