ऋषिकेश , PAHAAD NEWS TEAM
आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवारों के चयन पर मंथन कर रहे हैं. इस बीच टिहरी की नरेंद्रनगर विधानसभा सीट पर टिकट को लेकर घमासान मचा हुआ है. दरअसल, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत ने नरेंद्रनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने का मन बना लिया है. ओम गोपाल ने कहा है कि बीजेपी उन्हें टिकट दें या नहीं, वह चुनाव जरूर लड़ेंगे.
बढ़ सकती है सुबोध उनियाल की मुश्किलें ओम गोपाल रावत ने एक कार्यक्रम के दौरान लोगों के आश्वासन के बाद यह ऐलान किया है. ओम गोपाल रावत के इस ऐलान के बाद मौजूदा विधायक और कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की मुश्किलें बढ़ सकती हैं.
दरअसल, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत रविवार को नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के गजा में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक संवाद किया। उन्होंने सवाल किया कि अगर उन्हें इस बार चुनाव लड़ने के लिए भारतीय जनता पार्टी से टिकट नहीं मिलता है, तो उन्हें चुनाव लड़ना चाहिए या नहीं? इस पर एक स्वर में मौजूद सैकड़ों लोगों ने हर हाल में ओम गोपाल रावत के समर्थन के नारे लगाए।
इसके बाद ओम गोपाल रावत ने कहा कि वह भाजपा के सच्चे सिपाही हैं। भाजपा के आश्वासन पर ही वह वापस पार्टी में शामिल हुए। ऐसे में उन्हें एक बार फिर उम्मीद है कि 2022 के चुनाव में बीजेपी उन्हें टिकट जरूर देगी. उन्हें उम्मीद है कि भाजपा द्वारा उन्हें दिए गए आश्वासन को पार्टी पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी अगर किसी वजह से उन्हें टिकट नहीं भी देती है तो भी वह चुनाव लड़ेंगे.

