मसूरी, PAHAAD NEWS TEAM

देहरादून-मसूरी मार्ग पर एक स्कूटी अनियंत्रित होकर सामने से आ रही कार से जा टकराई. जिससे कार और स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि स्कूटी चालक नशे की हालत में था और काफी तेज गति से स्कूटी चला रहा था. तभी अचानक स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रही कार से भीड़ गई। हादसे में स्कूटी चालक को मामूली चोटें आई हैं।

इस हादसे के बाद कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया। स्थानीय लोगों ने स्कूटी और कार को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया। मसूरी निवासी स्कूटी चालक फैजल खान ने बताया कि अचानक स्कूटी बेकाबू हो गई थी. जिससे हादसा हो गया।

वहीं कार चालक वीरेंद्र सिंह रावत निवासी भानीवाला देहरादून ने बताया कि स्कूटी काफी तेज गति से आ रही थी. स्कूटी चालक ने गलत दिशा से आकर कार में टक्कर मारी है। जिससे कार को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि स्कूटी चालक नशे में था।

इससे पहले कार चालक ने 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को मसूरी कोतवाली ले आई. बताया जा रहा है कि देर शाम तक दोनों पक्षों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई. पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, स्कूटी चालक ने कार को हुए नुकसान की भरपाई करने की बात कही है.