पौड़ी , PAHAAD NEWS TEAM
जिले की 6 विधानसभा सीटों के 947 बूथों से माननीय लोगों की किस्मत तय करने वाली ईवीएम मुख्यालय पहुंच गई है. मशीनों को स्ट्रांग रूम के त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में सुरक्षित रखा गया है। अब 22 दिन बाद मतगणना के लिए माननीय के भाग्य का पिटारा खोला जाएगा।
14 फरवरी को मतदान समाप्त होने के बाद मंगलवार की देर शाम डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे समेत ऑब्जर्वर डॉ. पार्थ सारथी मिश्रा के नेतृत्व में ईवीएम को स्ट्रांग रूम में रखकर कमरे को सील कर दिया गया. अब इस कमरे की निगरानी त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि सभी ईवीएम को विधानसभा सीट वार अलग-अलग स्ट्रांग रूम में रखा गया है. इन सभी कमरों में सीसीटीवी कैमरों के अलावा आयोग के मानक के अनुसार उपकरण लगाए गए हैं.
इसके अलावा ईवीएम तीन तरह की सुरक्षा में रहेगी। पहले घेरे की सुरक्षा आईटीबीपी को सौंपी गई है। जबकि दूसरे की जिम्मेदारी पीएसी को और तीसरे सर्कल की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस को दी गई है. जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना परिसर के सभी महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं. अब 10 मार्च को मतगणना के लिए निर्धारित समय पर ही ईवीएम खोली जाएंगी।

