विकासनगर , PAHAAD NEWS TEAM

2022 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी जंग जारी है. जहां एक तरफ बीजेपी सरकार विकास योजनाओं के नाम पर वाहवाही लूटने का काम कर रही है. दूसरी ओर कांग्रेस सरकार पर हमलावर है। जिससे विकासनगर विधानसभा में भी राजनीति अपने चरम पर है।

विकासनगर से बीजेपी विधायक मुन्ना सिंह चौहान विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं. वहीं कांग्रेस इन योजनाओं को अपने कार्यकाल के दौरान स्वीकृत योजनाएं बता रही है। आज विधायक मुन्ना चौहान ने हरबर्टपुर में बनने वाले अंतरराष्ट्रीय बस स्टैंड का शिलान्यास किया.

इस दौरान उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की तारीफ करते हुए अपने कार्यकाल में हुए विकास, योजना और उपलब्धियां गिनाईं. वहीं, पूर्व कैबिनेट मंत्री और विकास नगर विधायक नवप्रभात पर तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में ऐसा कोई काम नहीं किया, जिसका श्रेय उन्हें जा सके. अब भाजपा सरकार क्षेत्र में विकास कार्य कर रही है, इसलिए जनता को गुमराह कर रही है।

वहीं विधायक मुन्ना चौहान ने बस स्टैंड का शिलान्यास करने पर नवप्रभात ने सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इस बहुउद्देशीय बस स्टैंड की कवायद शुरू हुई, जिसमें उन्होंने परिवहन मंत्री के रूप में रेशम विभाग की जमीन परिवहन विभाग को हस्तांतरित करने का काम किया. उन्होंने कहा कि वर्तमान में यहां से 5 किमी दूर सुपर हाइवे बनने से स्थानीय बसों को इस बस स्टैंड का कोई लाभ नहीं मिलेगा. जबकि बाहरी राज्यों की बसों को कितना फायदा होगा यह तो वक्त ही बताएगा।

हालांकि चुनावी साल में ऐसे चुनावी वादों और घोषणाओं पर राजनीति होगी, लेकिन देखना होगा कि यह बस स्टैंड और बहुउद्देश्यीय परिसर कब तक बनकर तैयार हो पाता है. दोबारा जमीन पर उतरने की बजाय योजना फाइलों में दब जाएगी।