टिहरी, PAHAAD NEWS TEAM


हर साल सर्दियों में भालू और इंसानों के बीच का संघर्ष कम होने का नाम नहीं ले रहा है. वहीं प्रतापनगर क्षेत्र के पट्टी रौणद रमोली के खेतपाली गांव में चारा लेने गई एक महिला भालू के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गयी. ग्रामीणों ने घायल महिला को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया. वहीं भालू के खतरे से स्थानीय लोग दहशत में हैं।

ज्ञात हो कि पर्वतीय क्षेत्र में भालू लगातार धमक रहे हैं। प्रतापनगर क्षेत्र के पट्टी रौणद रमोली के खेतपाली गांव में महिलाएं मवेशियों के लिए चारा लेने जंगल में गई थीं. इस दौरान भालू ने अंबिका देवी पर हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। अंबिका देवी के शोर मचाने पर अन्य महिलाएं भी मौके पर पहुंच गईं, जिसे देखकर भालू भाग गया। भालू के हमले में अंबिका देवी के सिर और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं।

ग्रामीणों ने मदद के लिए 108 सेवा को फोन किया, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण वाहन नहीं मिला। जिसके बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को निजी वाहन में प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी चौंड लंबगांव में भर्ती कराया. जहां डॉक्टरों ने महिला की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल बौराड़ी रेफर कर दिया है. वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया. उधर, भालू के हमले से गांव में दहशत का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है।