काशीपुर , PAHAAD NEWS TEAM
कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ के नारे पर खरा नहीं उतरने पर उत्तराखंड कांग्रेस की नाराजगी साफ नजर आ रही है. कांग्रेस पार्टी में महिलाओं को टिकट नहीं देने से नाराजगी बढ़ती जा रही है. बाजपुर से टिकट का दावा कर रही पीसीसी सदस्य सुनीता टम्टा ने कांग्रेस पर टिकट न मिलने पर महिलाओं और किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया है.
कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. लेकिन लिस्ट जारी होते ही कांग्रेस में बगावत का सुर तेज हो गया है. कांग्रेस ने बाजपुर से यशपाल आर्य को उतारा है. वहीं टिकट का दावा कर रहे पीसीसी सदस्य पार्टी के इस फैसले से काफी नाराज नजर आ रहे हैं.
सुनीता टम्टा ने कांग्रेस पर महिलाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया है। सुनीता ने कहा कि भले ही कांग्रेस और बीजेपी पार्टियां सबका विकास करने की बात करती हैं, लेकिन दोनों पार्टियों ने महिलाओं को प्रताड़ित किया है. वहीं, किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी ने बाजपुर की जनता के साथ छल का काम किया है.
उधर, भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र के लोगों ने इस बार एक स्थानीय व्यक्ति को विधायक बनाने का मन बना लिया है. उन्होंने बताया कि इस बार क्षेत्र के लोग दलबदल करने वाले पर भरोसा नहीं करेंगे. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बाजपुर में एक बार फिर कमल का फूल खिलेगा.

