रुड़की , PAHAAD NEWS TEAM

हरिद्वार के रुड़की में ऑनलाइन सट्टा लगाने में एक फौजी के बेटे से 17 लाख रुपये का नुकसान होने का मामला सामने आया है. तीन लाख रुपए उधार लेकर भी युवक हार चुका है। वहीं जब युवक के फौजी पिता को इसकी जानकारी हुई तो फौजी अपने बेटे को लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस से कार्रवाई की मांग की.

जानकारी के अनुसार रुड़की के सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र निवासी फौजी के विवाहित पुत्र को ऑनलाइन सट्टे में 17 लाख रुपये का नुकसान हुआ. युवक के सट्टा लगाने की भनक उसकी पत्नी को भी नहीं थी। सट्टे में यह रकम गंवाने के बाद उसने करीब 3 लाख रुपये उधार लिए और वह भी सट्टा लगाकर हार गया। वहीं जब काफी देर तक युवक ने कर्ज नहीं चुकाया तो लेनदारों ने मामले की जानकारी युवक की पत्नी व पिता को दी.

बेटे की करतूत जानकर फौजी पिता के होश उड़ गए। पिता ने बेटे से पूछताछ की तो पता चला कि उसने अपना खाता खाली कर दिया है। जिसके बाद फौजी अपने बेटे और बहू को लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने युवक को जमकर फटकार लगाई। जिसके बाद युवक ने भविष्य में सट्टा नहीं लगाने का आश्वासन दिया। वहीं, पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।