देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में सरकार ने कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रोन से संक्रमण की रोकथाम और नियंत्रण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी की है। इसमें सभी जिलाधिकारियों को राज्य के हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, सीमा चौकियों, पर्यटन स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर रैंडम सैंपलिंग कराने और कोरोना प्रोटोकॉल के तहत संक्रमित पाए गए लोगों को चिकित्सा सुविधा मुहैया कराने को कहा गया. है। एसओपी में राज्य के सभी कॉलेज, मेडिकल और नर्सिंग कॉलेज और शिक्षण संस्थानों में कोविड सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही राज्य की सीमा से लगे नेपाल से आवाजाही के समय कोरोना वैक्सीन की दोनों खुराक का प्रमाण पत्र होना अनिवार्य कर दिया गया है।
मुख्य सचिव एसएस संधू द्वारा मंगलवार को जारी एसओपी में कहा गया है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने ओमिक्रोन को वायरस आफ कंसर्न घोषित किया है. इसमें संक्रमण तेजी से फैलता है। इसे देखते हुए राज्य में टीकाकरण कार्य में तेजी लाई जाए। कोविड संक्रमण की निगरानी एवं नियंत्रण प्रणाली को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। सभी सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षित शारीरिक दूरी, मास्क पहनना और सैनिटाइजेशन का कड़ाई से पालन किया जाना चाहिए। सार्वजनिक स्थानों पर थूकना अवैध होगा। उल्लंघन करते पाए जाने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर पान, गुटखा और तंबाकू के सेवन पर रोक लगा दी गई है। एसओपी में कहा गया है कि आम जनता को नए वेरिएंट के बारे में जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाए। प्रदेश के शिक्षण संस्थानों के सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं अग्रिम पंक्ति के कर्मियों का कोविड टेस्ट कराया जाए। कोविड प्रोटोकॉल के तहत संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्तियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इंटरनेशनल बॉर्डर चेक पोस्ट पर भी रैंडम टेस्ट किए जाने चाहिए। इसके साथ ही सरकार ने केंद्र के उस पत्र का भी हवाला दिया है, जिसमें विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. इसमें स्पष्ट किया गया है कि विदेश से आने वाले जो यात्री होम क्वारंटाइन में हैं उन पर लगातार नजर रखी जाए. यदि उनमें कोरोना संक्रमण के कोई लक्षण नजर आते हैं तो उनका इलाज कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार किया जाना चाहिए।

