श्रीनगर, PAHAAD NEWS TEAM

देश का पहला स्टेडियम शहीद जनरल बिपिन रावत के नाम पर समर्पित होने जा रहा है. इस नवनिर्मित स्टेडियम का उद्घाटन सीएम पुष्कर सिंह धामी करेंगे. श्रीकोट में बने इस स्टेडियम का उच्च शिक्षा मंत्री धन रावत ने निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रेलवे विकास निगम को स्टेडियम के शेष कार्यों को दो दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए. आपको बता दें कि राज्य की खेल प्रतिभाओं के लिए यह स्टेडियम 8 जनवरी को खोला जाएगा.

वहीं, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इस स्टेडियम को बनाने में 86 करोड़ रुपये की राशि खर्च की गई है. इसमें रात में भी खेल गतिविधियां जारी रखी जा सकती हैं। पर्वतीय क्षेत्र में यह पहला ऐसा स्टेडियम है जहां रात में भी खेल गतिविधियों का आयोजन संभव होगा। इस स्टेडियम में एक साथ एक हजार से ज्यादा लोग खेलों का लुत्फ उठा सकेंगे।

उच्च शिक्षा मंत्री धन रावत ने बताया कि स्टेडियम का उद्घाटन 8 जनवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे. स्टेडियम के निर्माण से पहाड़ की प्रतिभाओं को स्टेडियम के माध्यम से खेल गतिविधियों को जारी रखने के लिए मंच मिल सकेगा। राज्य स्तरीय खेल आयोजन श्रीनगर में ही होंगे। इससे प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

गौरतलब है कि 8 दिसंबर 2021 को तमिलनाडु के कुन्नूर में CDS बिपिन रावत का हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था. इसमें उनकी पत्नी मधुलिका रावत भी सवार थीं। इस घटना में बिपिन रावत और उनकी पत्नी समेत 13 लोगों की मौत हो गई थी. हादसे में घायल हुए ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह की भी बेंगलुरू सैन्य अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।