टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

कोतवाली कीर्तिनगर में दो विवाहित महिलाओं ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट, गाली-गलौज व छेड़खानी का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर ससुराल वालों के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं व दहेज निषेध कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है. दोनों ही मामलों में ससुराल पक्ष के 9 लोगों को आरोपी बनाया गया है. दोनों ही मामलों में विवाहिता ने अपने ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है।

मामले के तहत कोतवाली कीर्तिनगर के नैथाणा चौरास निवासी एक महिला ने अपने पति, सास, ससुर और दो ननदों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने बताया कि उसकी ससुराल देहरादून के आदर्श नगर जॉली ग्रांट में है। उसका पति और उसके परिवार के सदस्य उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते हैं। दहेज नहीं लाने पर वह मारपीट व गाली गलौज करने की धमकी देते है।

दूसरे मामले में महिला ने बताया कि उसकी ससुराल सैलाकुंई देहरादून में है. दहेज के लिए उसका पति, ससुर, सास-ससुर और देवर उसे प्रताड़ित करते हैं और मारपीट करते हैं। ससुर गंदी हरकत और छेड़छाड़ करता है। ससुराल वालों की हरकतों से परेशान वह मायके में रह रही है।

कोतवाल चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि दोनों महिलाओं की शिकायत पर दोनों पक्षों की महिला हेल्पलाइन पर काउंसलिंग की गई, लेकिन बात नहीं बनी. जिसके चलते महिला की शिकायत पर पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ आईपीसी और दहेज निषेध अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.