टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM
नरेंद्र नगर के दोगी पट्टी की ग्राम पंचायत मठियाली के काटल गांव में गुलदार ने 15 साल की बच्ची पर हमला कर उसे घायल कर दिया. घटना उस वक्त हुई जब किशोरी खेत से काम कर घर लौट रही थी। तभी घात लगाकर बैठे गुलदार ने हमला कर दिया। हालांकि गुलदार के झपटते ही युवती चीखने-चिल्लाने लगी जिससे मौके पर पहुंचे लोगों के डर से गुलदार फरार हो गया. वहीं, गुलदार के हमले से बच्ची बुरी तरह घायल हो गई है. बच्ची के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोट के निशान हैं.
गांव के शूरवीर सिंह भंडारी व ज्योति प्रसाद बर्त्वाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि गांव के अन्य लोग भी कुछ देर उसी रास्ते से गुजरे थे, जिस रास्ते पर गुलदार ने किशोरी पर हमला किया था. लेकिन कोहरे के कारण गुलदार का पता नहीं चल सका। इस दौरान गुलदार ने 15 वर्षीय करिश्मा भंडारी पुत्री कमल सिंह भंडारी पर हमला कर दिया. जानकारी के मुताबिक करिश्मा घर से महज 10 से 15 मीटर की दूरी पर थी।
गुलदार के हमले की वजह से करिश्मा की गर्दन, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर नाखूनों के गंभीर निशान हैं। घायल करिश्मा को देर शाम परिजन और गांव के लोग इलाज के लिए ऋषिकेश अस्पताल लेकर आए, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं, घटना के बाद से काटल समेत 1 दर्जन से अधिक गांवों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है.

