टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड जन एकता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है. पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष और पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने कहा कि यह घोषणापत्र उत्तराखंड की आम जनता की भावनाओं के अनुरूप तैयार किया गया है. जिसमें राज्य के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को जगह दी गई है.
बता दें कि उत्तराखंड जन एकता पार्टी के घोषणा पत्र में मूल निवास, जिला चयन समितियों के गठन, स्थानीय परियोजनाओं पर अधिकार, सख्त भूमि कानून, टिहरी बांध प्रभावित विस्थापन, अस्पतालों को पीपीपी मोड से हटाने समेत 27 महत्वपूर्ण मसलों को शामिल किया गया है । ऐसे में उत्तराखंड जन एकता पार्टी का कहना है कि जो भी पार्टी सरकार बनाएगी, उसे इन मुद्दों पर काम करना होगा.
उत्तराखंड जन एकता पार्टी ने धनौल्टी, पौड़ी और कर्णप्रयाग विधानसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। धनौल्टी विधानसभा से जयनारायण बहुगुणा, पौड़ी सीट से ओंकार कोहली और कर्णप्रयाग से डॉ. मुकेश पंत को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया गया है। वहीं, पार्टी राज्य की 70 विधानसभा सीटों में से सात विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
मकर संक्रांति के अवसर पर उजपा के केंद्रीय अध्यक्ष धनै ने पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि वह जन सहयोग से इस संकल्प को पूरा करने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि उजपा के बिना इस बार राज्य में सरकार नहीं बनेगी, वह लोगों को आश्वस्त करते हैं.
दिनेश धनै ने कहा कि वह जाति, क्षेत्र के नाम पर नहीं बल्कि अपने कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों के आधार पर लोगों के पास जाएंगे. उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल कई भ्रांतियां फैलाने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन पार्टी अपने सिद्धांतों का पालन करेगी।
वहीं, पार्टी ने संकल्प पत्र में राज्य में मूल निवास, पुरानी पेंशन की बहाली, उपनल कर्मियों का नियमितिकरण और समान वेतन, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान, रोजगार, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा, सैनिक स्कूल बनाना, टिहरी झील किनारे अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, खेल विवि, बेरोजगारी भत्ता देने, जाखणीधार क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना आदि शामिल हैं.

