देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर उत्साह तेज हो गया है. इसी कड़ी में आज भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या अपने दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे हैं. इसको लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा में खासा उत्साह है।
तेजस्वी सूर्या जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे, जहां प्रदेश भर से आए युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. तेजस्वी सूर्या ने जॉली ग्रांट से बीजापुर गेस्ट हाउस तक रोड शो निकाला। इस दौरान कई जगहों पर तेजस्वी सूर्या का जोरदार स्वागत हुआ। रोड शो में जुटे युवा। तेजस्वी सूर्या के रोड शो में हाथों में झंडे लिए कार्यकर्ता काफी उत्साहित नजर आए.
तेजस्वी सूर्या के रोड शो में करीब दो हजार बाइक और एक हजार कारों ने हिस्सा लिया. उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे तेजस्वी सूर्या युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को चुनावी जीत का मंत्र भी देंगे. भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद तेजस्वी सूर्या का उत्तराखंड का यह पहला दौरा है, जिसके लिए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुन्दन लटवाल कई दिनों से तैयारी कर रहे थे।
कौन हैं तेजस्वी सूर्या?: तेजस्वी सूर्या बीजेपी के साउथ के ऊर्जावान युवा नेता हैं. तेजस्वी वर्तमान में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। तेजस्वी सूर्या बेंगलुरु साउथ सीट से सांसद हैं. पेशे से वकील, सूर्या ने पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ा और कांग्रेस के बीके हरिप्रसाद के खिलाफ दो लाख से अधिक मतों के अंतर से जीत हासिल की। इस सीट पर पहले अनंत कुमार का कब्जा था।
बेंगलुरु इंस्टीट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज से एलएलबी करते हुए तेजस्वी ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सभी कार्यक्रमों में हिस्सा लेना शुरू कर दिया. उन्होंने 2018 कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा के लिए जमकर प्रचार किया। 2017 में मैंगलोर चलो रैली को सफल बनाने में तेजस्वी का भी अहम योगदान था. तेजस्वी की खासियत यह है कि वे हिंदी भी अच्छी तरह से बोलते हैं. इसी वजह से वह हिंदी बेल्ट में भी काफी लोकप्रिय हैं।

